महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाएं समय सारिणी

चंबा। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन उपायक्त संदीप कदम की अध्यक्षता में हुआ। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि 31 जनवरी तक चंबा बस स्टेंड के अलावा जिले के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर बसों की समय सारणी को दर्शाने वाले सूचना बोर्ड स्थापित हो जाने चाहिए। साथ ही उसमें निगम और निजी बसों के आगमन और प्रस्थान का समय लिखा होना चाहिए।
बैठक के दौरान क्षेत्रिय परिवहन अधिकारी ओंकार सिंह ने बताया कि जिले में विभिन्न सड़कों पर दुर्घटना के मद्देनजर 527 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए थे। इसमें से 309 ब्लैक स्पॉट लोनिवि और 218 ब्लैक स्पॉट पुलिस ने चिह्नित किए थे। उन्होंने कहा कि अभी तक 246 ब्लैक स्पॉटों को सुधारा जा चुका है। इस बात पर उपायुक्त ने बताया कि शेष बचे ब्लैक स्पॉटों के सुधार के लिए स्टील के क्रैश बैरिकेड लगाने में खर्च होने वाली धनराशि को जल्द मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रिय परिवहन अधिकारी के अलावा पुलिस अधिकारी और एसडीएम समय-समय पर औचक निरीक्षण करना सुनिश्चित बनाएं। इससे यातायात नियमों को ताक पर रखकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा सकेगी। उन्होंने परिवहन अधिकारी व निगम के क्षेत्रिय प्रबंधक को दिशा निर्देश दिए कि बस चालकों द्वारा वर्दी पहनकर गाड़ी चलाना सुनिश्चित किया जाए। इस पर निगम के क्षेत्रिय प्रबंधक ने बताया कि निगम के चालकों के नेम प्लेट एक हफ्ते में पहुंच जाएंगे। साथ ही निगम के चालकों को वर्दी पहनने और नेम प्लेट लगाने की हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि निगम की पुरानी हो चुकी 11 बसों की जगह पर नई बसें भी उपलब्ध होने वाली हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिला में ट्रांसपोर्ट नगर बनाए जाने के लिए उपयुक्त जमीन का चयन करने की प्रक्रिया चल रही है। इससे गाड़ियों के ठहरने के लिए सुविधा युक्त जगह विकसित की जा सकेगी। उन्होंने बसों में विशेष श्रेणी के यात्रियों के लिए सीटों के आरक्षण को लेकर जारी नई अधिसूचना को लागू करने के लिए भी कहा। इस अवसर पर क्षेत्रिय प्रबंधक परिवहन निगम अनूप राणा, जिला लोक संपर्क अधिकारी रवि वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र चौधरी, चिकित्सा अधिक्षक डाक्टर विनोद शर्मा और सहायक अभियंता जीत सिंह ठाकुर उपस्थित रहे।

Related posts