
मलोखर (बिलासपुर)। जेपी सीमेंट कंपनी में मल्टीएक्सल गाड़ियों के विरोध में लोगों के स्वर मुखर हो गए हैं। बिलासपुर की सोलधा पंचायत के लोगों ने सीमेंट कंपनी में मल्टीएक्सल गाड़ियों को लगाने का कड़ा विरोध करते हुए एडीएम प्रदीप ठाकुर को ज्ञापन सौंपा है। सोमवार को इलाकावासियों का एक प्रतिनिधिमंडल एडीएम से मिला। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मल्टीएक्सल लगाने पर रोक नहीं लगी तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश हो जाएंगे।
इलाके के लोगों का कहना है कि जेपी कंपनी के लिए बन रही सड़क सिंगल लेन है। 2000 से अधिक ट्रक बिलासपुर जिले के साई खारसी से लेकर जबल पुल तक सड़क किनारे खड़े लिए जाते हैं। तीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल और दो कालेज बिलासपुर और जुखाला के लिए यहीं से होकर छात्र-छात्राएं जाते हैं। ऐसे में मल्टीएक्सल गाड़ियों के लगने से यहां लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। सोलधा पंचायत की प्रधान सुषमा शर्मा, पूर्व बीडीसी रतन लाल रघुवंशी, रोशन शर्मा, दौलत राम ठाकुर, कश्मीर सिंह, प्रकाश शर्मा, नील चंद चौहान, आत्म देव, विश्नदास महाजन, रीता पाठक व राजेश महाजन ने कहा कि पूंजीपति जेपी उद्योग के कार कारिंदों से सांठ-गांठ कर यहां मल्टीएक्सल गाड़ियां लगाना चाहते हैं। उन्होंने एडीएम से मुलाकात कर इलाके में मल्टीएक्सल गाड़ियां लगाने पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द इस पर रोक नहीं लगी तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश हो जाएंगे।
