
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल के दर्जनों परीक्षार्थी और मरीज हेलीकॉप्टर की राह ताक रहे हैं। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए परीक्षार्थियों को डर है कि कहीं वे परीक्षा से वंचित न रह जाएं। इनके साथ रेफर किए गए मरीज भी काफी परेशान हैं। पूर्व मंत्री राम लाल मारकंडेय और परीक्षार्थियों ने राज्य सरकार से मौसम खुलते ही हेलीकॉप्टर सेवा में उन्हें प्राथमिकता देने का आग्रह किया है।
जानकारी के मुताबिक दस जनवरी को हमीरपुर में जेई के लिए परीक्षा है। लेकिन, बर्फबारी और रोहतांग दर्रा बंद होने से लाहौल के दर्जनों परीक्षार्थी फंस गए हैं। उन्हें घाटी से बाहर निकलने का एकमात्र साधन हेलीकॉप्टर सेवा ही है। पूर्व मंत्री राम लाल मारकंडेय ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि मौसम खुलते ही परीक्षार्थियों और मरीजों को हेलीकॉप्टर में घाटी से बाहर निकलने का पहला मौका दिया जाए। उन्होंने राज्य सरकार से हेलीकॉप्टर सेवा सुचारु रखने की मांग की है। वहीं, परीक्षार्थी विकास मड़ग्रां और अशोक बौद्ध का कहना है कि लाहौल के दर्जनों अभ्यर्थियों का दस जनवरी को हमीरपुर में जेई का पेपर है। उन्होंने मौसम खुलते ही तुरंत हेलीकॉप्टर सेवा मुहैया करवाने की मांग की है।
