
सोलन। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. धनी राम शांडिल ने कहा कि जिला की ग्राम पंचायत ममलीग में राज्य स्तरीय स्काउट एंड गाइड और एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं। जल्द कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। शांडिल ने ममलीग क्षेत्र के दौरे के दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण केंद्र के तैयार हो जाने से प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का भी बेहतर मौका मिलेगा। वहीं बगलामुखी क्षेत्र को पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस मंदिर परिसर में शीघ्र सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा, जिससे प्रदेश तथा अन्य क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं को रहने की सुविधा मिलेगी। सतड़ोल पंचायत को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नाबार्ड के माध्यम से एक करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बडरोल पेयजल संवर्धन योजना स्वीकृत की गई है। इस योजना के पूर्ण हो जाने से क्षेत्र के लगभग 1500 लोग लाभांवित होंगे। सतड़ोल पंचायत के डबलोग क्षेत्र के लोगों को संपर्क मार्ग से जोड़ने के लिए अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत एक लाख 50 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की। इस अवसर पर लगभग 75 समस्याएं मंत्री के समक्ष लाई गई जिसमें से अधिकांश का मौके पर ही निपटारा किया गया। इस अवसर पर एसडीएम कंडाघाट एलआर वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र टेगटा, अधिषाशी अभियंता आईपीएच, पंचायत प्रधान ममलीग सत्या ठाकुर, उप प्रधान अजय ठाकुर और जिला कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल ठाकुर भी मौजूद रहे।
