
पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केन्द्र सरकार के खाद्य सुरक्षा विधेयक को आज अव्यवहारिक और लोकसभा चुनाव के पहले का झांसा बताया। ममता ने कहा, ‘‘देश की सुरक्षा की रक्षा कर पाने में असफल (संप्रग सरकार) लोगों को खाद्य सुरक्षा देने का दावा कर रही है। इसके लिए धन नहीं है। ऐसी चीजें चुनाव से पहले हो रही हैं। यह एक झूठ है और यह एक झांसा है।’’
दक्षिण 24 परगना जिले में पार्टी के पंचायत चुनाव बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हम खाद्य सुरक्षा के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन हम चाहते हैं कि खाद्यान्न लोगों तक ठीक से पहुंचे।’’ दोहराते हुए कि संप्रग सरकार अब सत्ता में नहीं लौटेगी ममता ने केन्द्र सरकार पर धन की कमी से जूझ रहे राज्यों के साथ वित्तिय सहायता के मामले में असहयोग करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इसके बजाए वे (केन्द्र) पूर्ववर्ती वामपंथी सरकार द्वारा छोड़े गए रिण के लिए प्रतिवर्ष हमसे (राज्य सरकार से) बतौर ब्याज 25,000 करोड़ रूपए ले रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह दिन दूर नहीं जब हम भीख का कटोरा लेकर दिल्ली के सामने नही जायेंगे बल्कि दिल्ली पश्चिम बंगाल के सामने ऐसा करेगी।’’
Related
