
धर्मशाला(आत्मा राम)मन पर विजयी पाने का नाम है बुद्ध…दूसरों की पीड़ा को अपनाने का नाम है बुद्ध…। बुधवार को मैकलोडगंज स्थित तिब्बतियन इंस्टीटयूट आफ परफार्मिंग आर्ट्स (टीआईपीए) में महात्मा बुद्ध के जीवन पर 2600 वर्ष पूर्व का फ्लैश बैक दिया जा रहा था। यह फ्लैश बैक एक डेमो के जरिए जी टीवी पर प्रसारित हो रहे धारावाहिक बुद्धा का दिया गया। डेमो में बुद्धा धारावाहिक के कलाकारों ने अभिनय किया। महात्मा बुद्ध का किरदार निभा रहे अभिनेता हिमांशु, आम्रपाली बनी नेहा और अजातशत्रु बने अभिराम ने आधा घंटा अभिनय कर धर्मशाला में 2600 वर्ष पूर्व नालंदा का परिवेश झलका दिया। इस दौरान निवार्सित तिब्बत सरकार के तत्कालीन प्रधानमंत्री सामदोंग रिंपोंछे भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इससे समाज को महात्मा बुद्ध की महानता के बारे में और अधिक जानने को मिलेगा।
बुद्धा धारावाहिक के निर्माता डा. बीके मोदी ने तिब्बत सरकार के तत्कालीन प्रधानमंत्री सामदोंग रिंपोंछे का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि बुद्धा धारावाहिक की टीम पहली बार धर्मशाला से मीडिया के सामने आयी है। त्याग की मूर्ति महात्मा बुद्ध से प्रभावित होकर ही उन्होंने 10 वर्ष पहले बुद्धा धारावाहिक का निर्माण करने का संकल्प लिया था जो अब पूरा हो गया। इसके लिए उन्होंने नालंदा जाकर, धर्मशाला में धर्मगुरु दलाईलामा धर्मशाला और सामदोंग रिंपोंछे से बुद्ध धर्म के बारे में गहराई से जाना। वहीं, बुद्धा धारावाहिक के कलाकारों ने मैक्लोडगंज में धर्मगुरु दलाईलामा से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
इस अभिनय ने जिंदगी बदल दी : हिमांशु
बुद्धा धारावाहिक में गौतम बुद्धा का किरदार निभा रहे कलाकार हिमांशु सोनी ने कहा कि जब वह इस धारावाहिक में अभिनय करते हैं तो उस दौरान ऐसा लगता है कि वह सचमुच महात्मा बुद्ध हैं। इस धारावाहिक ने उन्हें बिल्कुल बदल दिया है। महात्मा बुद्ध का ज्ञान अर्जित कर उनकी सोच में अचंभित बदलाव आया है। वहीं आम्रपाली का किरदार निभा रही नेहा कुमार उप्पल और अजातशत्रु की भूमिका निभा रहे अभिराम नैन ने बताया कि यह अभिनय उनकी जिंदगी में नया बदलाव ला रहा है।
