मनेरीभाली द्वितीय चरण के जलाशय से कटाव हुआ तेज

उत्तरकाशी। मनेरीभाली द्वितीय चरण के जलाशय से ज्ञानसू वाले छोर में सोमवार रात कटाव बढ़ने से ज्ञानसू बस्ती के बाशिंदों में हड़कंप मच गया। लोगों ने सीटी बजाकर एवं शोर मचाकर एक-दूसरे को जगाया। कटाव बढ़ता देख बस्ती के लोग बड़ी संख्या में रात 12 बजे बैराज पहुंचे और गेट खुलवाकर जलाशय को खाली करवाया।
सोमवार दिन में मनेरीभाली प्रथम चरण के जलाशय की सफाई किए जाने से भारी मात्रा में रेत-बजरी, पत्थर द्वितीय चरण के जलाशय में पहुंचे। इससे जलाशय का तल ऊंचा हो गया। तल ऊंचा होने से सोमवार रात 11 बजे से ज्ञानसू वाले छोर से नर्मदेश्वर मंदिर के पास कटाव तेज होने लगा। कटाव की भनक आसपास के भवनों में सो रहे लोगों को लगने पर वह जाग उठे और उन्होंने सीटी बजाकर व शोर मचाकर बस्ती वालों को जगाया। रात 12 बजे ज्ञानसू बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष ज्ञानचंद रमोला, राजेंद्र भट्ट, भगवान सिंह महर, शिव सिंह पंवार सहित बस्ती की महिलाएं बैराज पहुंचे और जलाशय का गेट खुलवाया, जिससे कटाव थमा। बता दें कि ज्ञानसू बस्ती में करीब 65 परिवार रहते हैं। जलाशय के किनारे सुरक्षा दीवार नहीं है। जलाशय में पानी की मात्रा बढ़ने से अक्सर कटाव होने लगता है। लेकिन संबंधित विभाग है कि लोगों की सुरक्षा को लेकर बेपरवाह बना है।

बिजली उत्पादन के लिए जलाशय को भरना जरूरी है। बस्ती को सुरक्षित करने के लिए फिलहाल जलाशय ज्ञानसू वाले छोर से वायरक्रेट के साथ ही अन्य सुरक्षा कार्य किए गए हैं। शेष कार्य सितंबर-अक्टूबर में हो पाएंगे। – विनोद भाकुनी, ईई जलविद्युत निगम

जलाशय से ज्ञानसू बस्ती पर खतरा मंडरा रहा है। कटाव के चलते कभी भी बस्ती में पानी घुस सकता है। जल विद्युत निगम को बस्ती को सुरक्षित करने के लिए ठोस सुरक्षा कार्य न होने तक जलाशय नहीं भरना चाहिए। – ज्ञानचंद रमोला, अध्यक्ष ज्ञानसू बचाओ संघर्ष समिति

Related posts