मनाली में बर्फबारी के साथ पड़े ओले

मनाली/कुल्लू (सरिता /भाग सिंह)सोमवार को कुल्लू घाटी का मौसम खराब रहा और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी तथा निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहा। पर्यटन नगरी मनाली में बारिश और बर्फ के फाहों के साथ-साथ ओले भी पड़े। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोलंगनाला और कोठी में करीब आधा फुट ताजा हिमपात होने की सूचना है। वहीं, ढालपुर में सजे दस दिवसीय गांधी हस्तशिल्प मेले में भी बारिश का व्यापक असर पड़ा है। बारिश के चलते मेले में लोगों की भीड़ नहीं उमड़ सकी। इससे देशभर से आए हस्तशिल्पियों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। दो दिन से हो रही बारिश से ऊझी घाटी का जनजीवन फिर से अस्त-व्यस्त हो गया है। ठंड के चलते लोगों का अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बारिश से कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग 21 और वामतट मार्ग पर कई जगह पत्थर गिर रहे हैं। उधर, ताजा बर्फबारी से औट-लुहरी राजमार्ग की बहाली को भी झटका लगा है। लोनिवि के अधिकारियों के मुताबिक एक-दो दिन में यातायात के लिए बहाल होना था, लेकिन सोमवार को हुई ताजा बर्फबारी से बर्फ हटाने का अभियान ठहर गया है।

Related posts