मनरेगा में 17902 परिवारों को रोजगार मुहैया : एडीएम

नाहन (सिरमौर) जिला सिरमौर में चालू वित्त वर्ष के दौरान मनरेगा पर 43 करोड़ रुपये की राशि व्यय करने का लक्ष्य रखा गया है। एडीएम मनमोहन शर्मा ने शुक्रवार को यहां सिरमौर जिला में ग्रामीण विकास कार्यक्रम के तहत कार्यान्वित किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत जिला में इस वर्ष अगस्त माह तक 17902 परिवारों को उनकी मांग पर रोजगार उपलब्ध करवाकर विभिन्न विकास कार्यों में आठ लाख से अधिक कार्य दिवस सृजित किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 4342 विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं। इनमें से 598 कार्य पूरे कर लिए गए जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं। एडीएम ने बताया कि मनरेगा के तहत जिला में 76859 जॉब कार्ड धारक पंजीकृत हैं।
जिला में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिला में पांच करोड़ रुपये व्यय करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें महिला स्वयं सहायता समूहों को अपना स्वरोजगार स्थापित करने के लिए तीन लाख रुपये तक के ऋण प्रदान करने का प्रावधान है। डीआरडीए के परियोजना अधिकारी रविंद्र शर्मा ने विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।
फोटो-6

Related posts