
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। पंचायत समिति नगरोटा बगवां ने मनरेगा तथा अन्य विकास कार्यों में पंचायत समिति की भागीदारी सुनिश्चित करने की पुरानी मांग को पुन: दोहराया है। खंड विकास अधिकारी कार्यालय के पंचायत समिति हाल में मंगलवार को संपन्न हुई बीडीसी की बैठक में कहा गया कि इस व्यवस्था से जहां ग्रामीण विकास को गति प्रदान होगी, वहीं लोगों को मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार भी प्राप्त हो सकेगा। पंचायत समिति उपाध्यक्ष कुलदीप नारायण की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि समिति के त्रैमासिक आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया गया तथा समिति की बैठकों में कुछ विभागीय अधिकारियों की लगातार अनुपस्थिति पर रोष भी व्यक्त किया गया। बीडीओ ऋग्वेद ठाकुर (आईएएस) की बैजनाथ में एसडीएम पद पर तैनाती पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया। मीटिंग में उपस्थित पंचायत समिति सदस्यों में विनोद, रमेश, खेम चंद, किरण बाला, मीनाक्षी धीमान, अमरनाथ, राजेंद्र, देश राज, सुनीता कटोच, सीमा, सुभाषना चौधरी, मुकेशना, रेखा, केवल, अनीता, बिंता देवी के अलावा जिला परिषद सदस्य ओंकार चंद और कुसुम कौंडल, अमतराड़ की प्रधान सुशीला भाटिया, कार्यालय अधीक्षक उत्तम वालिया, पंचायत निरीक्षक नवल किशोर, रविंद्र, त्रिलोक, अनिल और विनय इत्यादि उपस्थित रहे।
