मनरेगा कार्यों में लाखों की हेराफेरी

धर्मशाला। बड़ा भंगाल में मनरेगा कार्यों में गड़बड़ी के आरोप में प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायक को जिला पंचायती राज विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इन पर पंचायत में करवाए गए विकास कार्यों में धन के दुरुपयोग के आरोप लगे हैं। स्थानीय पंचायत के लोगों की शिकायत पर पंचायती राज विभाग ने जांच शुरू कर दी है। 15 दिन के भीतर इन्हें मामले के संदर्भ में स्थिति स्पष्ट करनी होगी। पंचायत में लाखों की राशि का दुरुपयोग हुआ है। इसका सहायक अभियंता बैजनाथ की जांच में भी खुलासा हुआ है। इसमें पंचायत प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायक की संलिप्तता पाई गई है।
मनरेगा कार्यों में प्रधान पर 2,99,129 रुपये के दुरुपयोग का आरोप है। इसके अलावा अन्य कामों में भी सरकारी धन राशि का गबन किया गया है। जिला पंचायत अधिकारी राजेंद्र कुमार धीमान ने बताया कि बड़ा भंगाल पंचायत के प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायक को नोटिस भेजा गया है। 15 दिन के भीतर इनको स्थिति स्पष्ट करनी होगी।

Related posts