
मनीला: मध्य फिलीपींस में आज सुबह आए 7.2 तीव्रता के भूकंप से कम से कम 93 लोगों की मौत हो गई जिससे कई इमारतें और ऐतिहासिक चर्च ढह गए। फिलीपींस के सबसे पुराने चर्च का घंटाघर भी ध्वस्त हो गया।
भूकंप स्थानीय समय के अनुसार सुबह 8 बज कर 12 मिनट पर आया। इसका केन्द्र 33 किलोमीटर की गहराई में बोहोल द्वीप के कारमेन शहर में स्थित था। कारमेन शहर में अनेक इमारतें ढह गईं। कारमेन कस्बे के निकट के प्रान्त में, जहां भूकंप का झटका लगा, 69 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई।
सड़कों में दरारें आ गईं और पुल गिर गए। भूकंप के मुख्य झटके के बाद लगातार अन्य झटके भी आते रहे। इससे डरे-सहमे लोग घरों, इमारतों और अस्पतालों से बाहर निकल आए। प्रांतीय आपदा प्रबंधन अधिकारी नील सैंशेज ने कहा कि सेबू में भगदड़ में कई लोगों की मौत हो गई।
सेबू शहर में व्यापक नुक्सान हुआ। बोहोल के निकट बसे इस घनी आबादी वाले शहर में कुछ जगहों पर छत गिरने की घटनाओं में कई लोगों की मौत हो गई। मनीला के करीब 570 किलोमीटर दक्षिण में स्थित सेबू प्रांत में 26 लाख से अधिक की आबादी रहती है। पास के बोहोल में 12 लाख लोग रहते हैं और यह अपने तटों तथा द्वीप रिजॉर्ट की वजह से विदेशी सैलानियों का एक पसंदीदा स्थल है। क्षेत्रीय सैन्य कमांडर लैफ्टिनैंट जनरल राय देवेरातुर्दा ने कहा कि उन्होंने भूकम्प से निपटने के लिए छुट्टी से सैनिकों को वापस बुला लिया है।
