मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदल निकाले 40 हजार

उत्तरकाशी। बृहस्पतिवार रात बस अड्डे पर एटीएम से रुपये निकाल रहा बडेथी का युवक ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने मदद के बहाने ने उसका एटीएम कार्ड बदल 40 हजार रुपये निकाल दिए।
बडेथी गांव निवासी विजयपाल पुत्र महेश्वर बस अड्डा स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम में रुपये निकालने गया। रुपये न निकलने पर पास में खड़े एक युवक ने मदद के बहाने उससे एटीएम मांगने के साथ ही कोड नंबर पूछा। फिर कार्ड बदलकर कह दिया कि रुपये नहीं निकल रहे हैं। शुक्रवार को युवक जब बैंक में रुपये निकालने गया तो खाते में 40 हजार रुपये कम थे। खाते से दो बार में 20-20 हजार रुपये निकाले गए थे। युवक ने जब अपना एटीएम कार्ड देखा तो पता चला कि वह उसका नहीं था। युवक ने इसकी शिकायत बस अड्डा चौकी पुलिस से की। चौकी प्रभारी रवि प्रसाद कवि ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एसबीआई बैंक के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। सोमवार तक सीवीटीवी की फुटेज मिल जाएगी।

तकनीकी खराबी भी बनी मुसीबत
उत्तरकाशी। शहर में लगी राष्ट्रीयकृत बैंकों की एटीएमों में तकनीकी खामियों की शिकायत बढ़ती जा रही है। कभी रुपये फंस जाते हैं तो कभी एमटीएम आउट ऑफ सर्विस बता देते हैं। ऐसे में ग्राहक पास में खड़े अपरिचित से मदद लेते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं।

कोट…
एटीएम कार्ड बदलकर 40 हजार रुपये निकालने की शिकायत मिली है। खातेधारक का कोड बंद कर दिया गया है। दो दिन में रुपये निकलने की रिपोर्ट मिल जाएगी। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज निकाली जाएगी।- अविनाश डावर, मुख्य प्रबंधक एसबीआई शाखा उत्तरकाशी

Related posts