मतदाता सूची के खिलाफ कोर्ट जाएगी बदरीश पंडा पंचायत

गोपेश्वर। बदरीनाथ नगर पंचायत की मतदाता सूची की त्रुटियों को सुधारने और इसकी जांच की मांग को लेकर श्री बदरीश पंडा पंचायत ने न्यायालय की शरण में जाने का ऐलान किया है। समिति की ओर से कहा गया कि मतदाता सूची में पंडा पंचायत के कई लोगों के नाम छोड़ दिए गए हैं।
शुक्रवार को बदरीनाथ धाम से जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे पंडा पंचायत के सदस्यों ने उन्हें एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया कि बदरीनाथ नगर पंचायत में सिर्फ 740 मतदाताओं को ही शामिल किया गया है, जबकि बदरीनाथ की जनसंख्या करीब 12 हजार है। बदरीनाथ के वार्ड बदरीकाश्रम, शेषनेत्र, नर पुरी और उर्वशी वार्डों में सैकड़ों उन मतदाताओं के नाम छोड़ दिए गए हैं जो वर्षों से यहां निवास करते हैं। उन्होंने पूछा कि यह सूची किन मानकों के आधार पर बनी हुई है। बदरीनाथ में तीर्थ पुरोहितों की सबसे अधिक जनसंख्या और अचल संपत्तियां हैं। जो प्राचीन अभिलेखों में भी दर्ज है। आरोप लगाया कि सूची किसी षड़यंत्र के तहत बनाई गई है। इसकी जांच होनी चाहिए। सदस्यों ने ऐलान किया कि यदि सूची सुधारी नहीं गई तो बदरीनाथ में आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा और न्यायालय की शरण ली जाएगी।
इस मौके पर पंडा पंचायत के मंत्री बालकराम ध्यानी, उपाध्यक्ष डा.जमुना रैवानी, दिनकर बाबुलकर, बल्लभ राम सिंधी, मुकेश अलखनिया, भगवती प्रसाद, दुर्गा प्रसाद ध्यानी आदि मौजूद थे।

Related posts