मतदाता जागरूकता अभियान पर संघ

मैहतपुर (ऊना)। ‘विश्व में हो भारत का सम्मान, सोच समझकर करना मतदान’ के नारे के साथ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने घर-द्वार तक दस्तक देनी शुरू कर दी है। एक प्रपत्र के माध्यम से संघ के कार्यकर्ताओं ने अभियान छेड़ा है, जिसके तहत मतदाताओं से अपील की जा रही है, कि वह मतदान देने अवश्य जाएं। मतदान करने से यह अवश्य विचार करें कि जिस दल को वह अपना बहुमूल्य मत देने जा रहे हैं, उस दल ने देश एवं समाज के लिए क्या किया है? उस दल की देश, समाज एवं जनता के प्रति क्या भावी योजनाएं हैं।
रविवार को इस अभियान के तहत ऊना जिला के प्रवास पर गांव रायपुर सहोड़ां में संघ के प्रांतीय संगठन मंत्री राजेंद्र ठाकुर एवं जिला प्रभारी आशुतोष ने कहा कि प्रांत के गांव-गांव के हर घर पर संघ के कार्यकर्ता इन प्रपत्रों के माध्यम से मतदाताओं को इस बात के लिए जागरूक कर रहे हैं कि वह अपने मत की कीमत को समझें और देश को सही नेतृत्व प्रदान करने वाली राजनीतिक पार्टी को ही अपना मत दें, ताकि जिम्मेदार सरकार बन सके। इस मौके पर उनके साथ नितेंद्र शर्मा, प्रेमस्वरूप शर्मा, पंकज सहोड़, रोहित सहोड़ कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।

कांग्रेस खेमे में चिंता : सत्ती
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं ऊना के विधायक सतपाल सत्ती ने कहा है कि संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा शुरू किए गए राष्ट्र भक्ति के इस अभियान से कांग्रेस पार्टी में चिंता बढ़ गई है।

संघ भाजपा का ही एक हिस्सा : राणा
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने कहा कि संघ भाजपा का ही एक हिस्सा है। यह सर्वविदित है। लिहाजा वह कुछ भी कर लें, मोदी का जादू नहीं चलने वाला। राणा ने दावा किया कि केंद्र में तीसरी दफा यूपीए सरकार ही बनेगी।

Related posts