मतगणना के लिए सभी इंतजाम पूरे : शर्मा

सांगला (किन्नौर)। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में मतगणना संबंधी तैयारियों के बारे में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला निर्वाचन अधिकारी डीडी शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में जिला के 80 प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी डीडी शर्मा ने बताया कि मतगणना के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं । ईवीएम मशीनों के माध्यम से मतगणना दिनांक 16 मई को बचत भवन रिकांगपिओ में प्रात: 8 बजे से आरंभ की जाएगी। मतगणना के लिए चुनाव प्रेक्षक और सहायक र्िरटर्निंग अधिकारी के टेबल के अतिरिक्त 10 अन्य टेबल स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष एवं सफलता पूर्वक मतगणना करवाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना कक्ष के अंदर मोबाइल फोन प्रतिबंधित है। उन्होंने जिला के सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया है कि वे अपने काउंटिग एजेंटों के फार्म शीघ्र सहायक रिटर्निंग आफिसर (एसडीएम) कल्पा के कार्यालय में जमा करवाएं, ताकि उनके फोटो युक्त प्रवेश पत्र तैयार किए जा सकें। मतगणना के बाद ईवीएम को चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिला कोषागार रिकांगपिओ में पूर्ण सुरक्षा में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि 13 मई, 2014 को पुन: अधिकारियों, काउंटिंग सुपरवाइजरों, मतगणना सहायकों, लघु पर्यावेक्षकों को मतगणना संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पुह मस्त राम, सहायक रिटर्निंग आफिसर (एसडीएम) कल्पा प्रशांत देष्टा, तहसीलदार निर्वाचन श्रवण कुमार और जिला के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts