
लोहाघाट। मुख्य शिक्षाधिकारी डीसी गौड़ ने जीआईसी मडलक के प्रभारी प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा है। पिछले खंड शिक्षा अधिकारी को जीआईसी मडलक के निरीक्षण के दौरान तमाम तरह की अनियमितताएं मिली थीं। सीईओ के अनुसार खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के अनुसार विद्यालय में हर स्तर पर अनियमितताएं पाई गई हैं। स्पष्टीकरण के बाद उनकी विस्तृत जांच भी की जाएगी। उन्होंने विद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं को भी गंभीरता से लेते हुए कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो इसके लिए पुलिस में प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।
इधर, श्री गौड़ ने जीआईसी कर्णकरायत का औचक निरीक्षण किया। जहां भारी अव्यवस्थाएं, अनुशासनहीनता तथा अराजकता का वातावरण देखने को मिला। मध्यांतर के बाद तमाम छात्र सड़कों में घूमते हुए दिखाई दिए। श्री गौड़ ने बाद में चार घंटे तक शिक्षकों की क्लास ली। यहां शिक्षकों में भारी गुटबाजी के चलते कोई भी प्रभारी प्रधानाचार्य का कार्यभार लेने के लिए तैयार नहीं है। उनका कहना था कि सरकार शिक्षा में भारी भरकम धनराशि खर्च कर रही है, लेकिन इसका बच्चों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दो माह के भीतर शिक्षकों ने अपना दृष्टिकोण नहीं बदला तो वह शिक्षकों का स्थानांतरण करने के लिए राज्य सरकार को लिखेंगे।
