मजदूरों की सुरक्षा के खान प्रबंधक पूरे इंतजाम करें

बागेश्वर। जिलाधिकारी बीएस मनराल ने कहा कि यदि सड़क किनारे खड़िया को डंप किया तो पट्टाधारक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने खान प्रबंधकों से कहा कि वह मजदूरों की सुरक्षा के पूरे इंतजाम करें। किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं होगी। खान मालिकों को सख्त लहजे में कहा कि यदि लीज एरिया से बाहर खनन किया तो दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वह सोप स्टोन पट्टाधारकों की बैठक को बतौर अध्यक्ष संबोधित कर रहे थे।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने कहा कि कहा कि पट्टाधारक सह खातेदारों से भंडारण के लिए अनुमति लेने के बाद भी खड़िया का भंडारण करें। सड़क किनारे भंडारण सहन नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर भंडारण की अनुमति समाप्त की जाएगी। खान प्रबंधकों को निर्देश दिए कि वह मजदूरों को हेलमेट, जूते, आक्सीजन सिलेंडर और फर्स्टएड बाक्स अवश्य उपलब्ध कराएं। खान मालिकों से कहा कि वह भवनों और मोटर मार्ग के कम से कम 50 मीटर तक किसी प्रकार का खनन कार्य नहीं करें। खनन के बाद तुरंत वहां बने गड्ढों को पाट दें। रोपवे चलाने वाले खान मालिकों को निर्देश दिए कि वह तकनीकी अधिकारी से अनुमति प्राप्त कर लें। उन्होंने सभी खान मालिकों से त्रैमासिक रायल्टी समय पर जमा करने के निर्देश दिए। बैठक में माइन एसोसिएशन के अध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम शाही, अपर जिलाधिकारी बीएल फिरमाल, बागेश्वर के एसडीएम फींचा राम चौहान, कांडा की रेखा कोहली, खान अधिकारी राजपाल लेघा, बागेश्वर के तहसीलदार पीएस माहरा, कांडा के महेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।

Related posts