मजदूरी मांगने पर मारने की धमकियां

चंबा। मजदूरी करने के बाद मजदूरों को वेतन के बदले जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। जिला के मजदूरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त संदीप कदम को सोमवार को एक शिकायत पत्र सौंपा। इसके चलते मजदूरों ने बताया कि उन्होंने तीसा क्षेत्र में पावर प्रोजेक्ट में उदयपुर क्षेत्र के दो ठेकेदारों के साथ काम किया था। मजदूरी करने वाले कुल 15 मजदूर थे। इनमें से समस्त मजदूरों के मानेदय का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों ने बताया कि जब उन्होंने ठेकेदारों से पैसे मांगे तो ठेकेदार लड़ाई-झगड़ा व मारपीट करने लगे। उन्होंने बताया कि ठेकेदारों ने धमकी दी है कि अगर उन्होंने मजदूरी मांगी तो वे उन्हें मरवा देंगे। मजदूरों ने उपायुक्त को बताया कि वे गरीब लोग हैं और 15 मजदूरों ने ठेकेदारों से एक लाख 40 हजार रुपये लेने हैं। गणेश चौधरी, राहुल निवासी बैजनाथ, जगदेव, मदन निवासी चांजू, लेखराज, कमल भीम, नेरंद्र, प्रकाश, सुमित, पाल, दीपक कालू, गणेश आदि ने बताया कि उन्होंने चांजू में ठेकेदारों के पास मजदूरी की है और ठेकेदार मजदूरी का भुगतान करने से मुकर रहे हैं। उन्होंने उपायुक्त से जल्द उनकी मजदूरी का भुगतान करवाने की मांग की है।
इंसेट …..
कार्रवाई के आदेश
उपायुक्त संदीप कदम ने बताया कि मजदूरों ने अपनी समस्या बताई है। उन्होंने बताया कि एसडीएम तीसा को इस संबंध में सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। जल्द मजदूरों के मानदेय का भुगतान करवाया जाएगा।

Related posts