
ज्वालामुखी (कांगड़ा)(सीमा वालिया) ग्राम पंचायत लगडू़ में कामगारों को मनरेगा के तहत मजदूरी का भुगतान नहीं हो रहा है। इस मसले को लेकर कामगारों ने पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ खूब नारेबाजी की और हल्ला किया। कामगारों ने जल्द ही मजदूरी का भुगतान करने की मांग की है। केंद्र सरकार ने मनरेगा बजट में मजदूरी अदा करने का प्रावधान रखा है। मनरेगा में 60 प्रतिशत राशि काम पर जबकि 40 प्रतिशत राशि कामगारों की मजदूरी पर खर्च की जा रही है। इसके बावजूद लगडू़ पंचायत के कामगारों को चार माह से मानदेय नसीब नहीं हो पाया है। इससे इन्हें घर का खर्चा चलाने में परेशानी पेश आ रही है। करीब दो दर्जन लोग हर रोज पंचायत प्रतिनिधियों के पास जाकर मजदूरी मांग रहे हैं। सोमवार को मजदूरी अदायगी के लिए कामगारों ने पंचायत कार्यालय में हो हल्ला किया और जल्द मजदूरी की अदायगी की मांग की। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ रहे हैं, जबकि जनता ने उन्हें इलाके के विकास के लिए चुन कर भेजा है, न कि इलाके के विकास में रोड़ा अटकाने के लिए। इलाके के लोगों गुरवचन, कृष्णा देवी, फलातू राम, जगतराम, अनिता देवी, वीना देवी, भागीराम, देशराज, शांति, सुनीता, रमना, पवना, रेशमा, रुकमदीन, ओमप्रकाश, ज्ञानचंद, सुरेश कुमार, निको देवी, देशराज, अहमदां देवी, न्याजदीन, गुड्डू राम ने बताया कि उन्हें पिछले कुछ महीनों से मनरेगा के कार्य की मजदूरी नहीं मिली है। उन्हें मजबूरन पंचायत के विरुद्ध हल्ला बोलना पड़ा। जल्द मानदेय की अदायगी नहीं होती है तो उन्हें प्रतिनिधियों का घेराव करना पड़ेगा। इस संदर्भ में बीडीओ मुनीश शर्मा का कहना है कि मामला ध्यान में नहीं है। लिखित शिकायत आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
