मकान में आग, दो मोटरसाइकिल राख

बिलासपुर। शहर के रौड़ा सेक्टर में गत बुधवार रात एक मकान में अचानक आग लग गई। आग से मकान को तो नुकसान पहुंचा ही, बाहर खड़े दो मोटरसाइकिल भी जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। आग का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। इसमें लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार बीपीएस स्कूल के पास स्थित एडवोकेट अभिषेक शर्मा के मकान में गत बुधवार रात करीब 11 बजे अचानक ही आग लग गई। बताया जा रहा है कि मकान के बाहर लगे बिजली के मीटर के पास शार्ट सर्किट हुआ। चिंगारियों से भड़की आग ने पास ही खड़े एक बुलेट और एक पल्सर मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। पेट्रोल चालित दोनों दोपहिया वाहन देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगे। साथ लगते कमरे की खिड़की में भी आग लग गई।
आग लगने का पता चलते ही परिवार के सदस्य बाहर निकल गए। आस पड़ोस के लोग भी एकत्रित हो गए। इसी बीच किसी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र प्रभारी भूपेंद्र पाल डोगरा की अगुवाई में लीडिंग फायरमैन पीनाम सिंह तथा श्रवण कुमार, जोगेंद्र सिंह, सुरेश, भगवान दास, रूपलाल व किशोरी लाल दो गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंच गए। बिजली की तारें बड़ी मुश्किल से काटने के बाद आग पर काबू पाया गया। अलबत्ता, फायर ब्रिगेड की तत्परता से साथ लगते मकानों तथा पास में खड़े अन्य वाहनों को बचा लिया गया।

Related posts