
पुखरी (चंबा)। क्षेत्र की चांजू पंचायत के गांव पथरवाल में बारिश के कारण एक मकान की छत गिर गई। इससे घर में मौजूद दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक हेम सिंह पुत्र तोली राम निवासी पथरवाल सोमवार दोपहर दो बजे के करीब अपने घर में बैठा था। इस दौरान उसका बेटा भी उसके साथ था। अचानक उनके मकान की छत गिर गई। इससे दोनों बाप-बेटे को मामूली चोटें आई हैं। घर की चपेट में आने के बाद में गांव वालों ने दोनों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। स्थानीय पंचायत प्रधान देवकी देवी, उपप्रधान टेको चौसला और वार्ड मेंबर गुरदयाल ने बताया कि मकान की छत गिरने से हेम सिंह को लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। प्रशासन की ओर से पटवारी ने मौके का दौरा कर नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर ली है
