
कटौला (मंडी)। उत्तरशाल क्षेत्र के अंतर्गत सेगली पंचायत के मंडाह गांव में रविवार रात को मूसलाधार बारिश से भारी तबाही मची। मंडाह और बागी गांवों में कई रिहायशी मकानों को नुकसान पहुंचा है। कई दुकानों में पानी घुसने से सारा सामान बर्बाद हो गया है। पहाड़ी से आए मलबे में एक महिंद्रा पिकअप जीप और आधा दर्जन घराट बह गए। बागी-मंडाहा संपर्क सड़क एक किलोमीटर तक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
रात को आसमान से बरसी आफत ने मंडाहा, बागी, कटौला गांवों में भारी तबाही मचाई। मंडाहा गांव के ऊपर मूसलाधार बारिश होने से लंबाडाल जंगल से भारी मलबा और पेड़ बह कर आए। इससे निचले क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। मंडाहा गांव में जालम सिंह की सड़क के किनारे खड़ी महिंद्रा पिकअप गाड़ी मलबे में बह गई। गाड़ी के दो टायर काहणू गांव में जाकर मिले। बिजली का ट्रांसफार्मर भी बह गया। इससे छह गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उत्तम सिंह की गौशाला भी मलबे की चपेट में आ गई। मकान पर भी खतरा बना हुआ है। लालू व नीरू के रिहायशी मकानों के गिरने का खतरा बना हुआ है। गांव में छोटा मंदिर भी मलबे में बह गया।
बागी गांव में अंजना कुमारी के मकान पर ल्हासा गिरने से छत क्षतिग्रस्त हो गई। गीता नंद की दुकानों के अंदर मलबा घुसने से सारा फर्नीचर बह गया। इसके अलावा दौलत राम, वीरभद्र सिंह, राम सिंह, हरीश कुमार, मघरू राम और जवाहर सिंह की दुकानों में पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ है। जयराम के मकान में दरारें आई हैं। सेगली पंचायत घर में मलबा घुसने से सीमेंट के 100 बैग खराब हो गए। भोले राम, सुंदर सिंह और दिनेश कुमार की दुकानें भी मलबे की चपेट में आ गईं। भारी बारिश से जय किशन, भोले राम, धनी राम, रामचंद्र और प्रदीप के घराट बह गए। किसानों मोहन सिंह, लाल सिंह, रमेश, लीलावती, शेर सिंह, कर्म देव, संगत राम, वीरू, सीता देवी की फसलें बर्बाद हो गईं। कटौला में धर्मी देवी और टिहरी गांव में हुकम चंद के रिहायशी मकान को काफी नुकसान पहुंचा है।
सेगली पंचायत के प्रधान कांशी राम का कहना है कि बारिश से क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने का आग्रह किया। विद्युत विभाग के सहायक अभियंता डीके ठाकुर का कहना है भारी बारिश से विद्युत ट्रांसफार्मर बह गया।
