
सांगला (किन्नौर)। शमशीर देवता रक्षम मंदिर से चोरी के मामले में पुलिस ने दो नेपाली लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी केके वर्धन ने बताया कि पुलिस ने नेपाल के दो लोगों को शक के आधार पर गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने वीरवार देर रात खरोगला के पास नाका लगा रखा था, तभी ग्रामीणों और पुलिस ने दो नेपाली लोगों को वहां देखा। नेपाली पुलिस को देखकर भाग खड़े हुए। ग्रामीणों और पुलिस ने शुक्रवार सुबह उक्त लोगों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने दोनों नेपालियों को सड़क से 70 मीटर ऊपर डाबर ढांक से गिरफ्तार कर लिया। गत माह पहले किन्नौर के शमशीर देवता रक्षम के मंदिर से देवता की मूर्तियां और देवी के जेवरात सहित अन्य सामान चोरी हुआ था। पुलिस ने चोरी के शक पर दोनों लोगों को गिरफ्तार किया।
डीएसपी किन्नौर केके वर्धन ने बताया कि पुलिस ने शक के आधार पर नेपाल निवासी राम बहादुर (28) गांव नेपाल गंज जिला बाके, दत्त बहादुर (32) गांव सुरकेत जिला काछ बैरी को गिरफ्तार किया। उधर, रक्षम के प्रधान टिकम नेगी, पूर्व प्रधान जसवंत नेगी, पूर्व उपप्रधान विनोद नेगी
ने कहा कि एक नेपाली को अक्सर यहां फेरी का कामकाज करते हुए देखा गया था। पुलिस इनसे कड़ी पूछताछ करे।
