
शाहतलाई (बिलासपुर)। बाबा बालक नाथ की तपोस्थली शाहतलाई में 14 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र मेला में 115 पुलिस कर्मचारी, 90 होमगार्ड्स, 18 महिला सुरक्षा कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। मंदिर न्यास द्वारा इस बार श्रद्धालुओं को बाबा जी का रोट प्रसाद नहीं बेचा जाएगा। मेला में ढोल-स्पीकर, साइनबोर्ड, पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
चैत्र मेला के सफल आयोजन के लिए शाहतलाई में एडीएम प्रदीप ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। लंगर की व्यवस्था 14 मार्च से 13 अप्रैल तक मंदिर ट्रस्ट द्वारा की गई है। सभी बसें गुरुना झाड़ी के पास रुकेंगी। निजी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। मेला के दौरान भारी वाहनों पर प्रतिबंध, सार्वजनिक स्थानों लंगर लगाने पर प्रतिबंध रहेगा। पेयजल व्यवस्था के लिए मेला में अतिरिक्त नल लगाए जाएंगे। जुआ, रेहड़ी लगाने, भीख मांगने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रदीप ठाकुर ने बताया कि मेलों के दौरान असामाजिक तत्वों एवं जेब कतरों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। बैठक में पूर्व विधायक बीरू राम किशोर, एसडीएम राजीव कुमार, एमएल कौशल, घन श्याम उपाध्याय, ओम प्रकाश, एके खनोटिया, नबल किशोर, इंद्रदत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
