
बड़सर (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास की बैठक में मंदिर परिसर के बाहरी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को ठेके पर देने बारे प्रस्ताव पारित किया गया। सुलभ शौचालयों, मंदिर परिसर के बाहर की सफाई व्यवस्था को ठेके पर दिया जाएगा। इसके लिए ठेकेदार से अनुबंध किया जाएगा। बैठक में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के वेतनमान सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता मंदिर न्यास के चेयरमैन एवं एसडीएम बड़सर अक्षय सूद ने की। बैठक में सीपीएस इंद्रदत्त लखनपाल विशेष रूप से उपस्थित थे। एसडीएम ने विभिन्न मुद्दों को सीपीएस व न्यासियों के समझ रखा। उन पर विचार-विमर्श किया तथा पूर्व बैठक में पारित फैसलों की समीक्षा की गई। बैठक में बीबीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल चकमोह का सरकारीकरण करने, दैनिकभोगी कर्मचारियों को नियमित वेतनमान देने, सिद्ध आंचल सराएं सेऊ को पट्टे पर देने, मंदिर न्यास कर्मचारियों के लिए बीमा योजना लागू करने, बीबीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल चकमोह में परीक्षा हाल बनाने, सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर मंदिर न्यास के कर्मचारियों को आवास ऋण उपलब्ध करवाने, न्यास के कर्मचारियों को पेंशन स्कीम लागू करने सहित अन्य मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। मंदिर के बाहर के क्षेत्र की सफाई कार्य को ठेके पर देने, सुलभ शौचालयों, पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह के आगे वाहनों के प्रवेश को रोक लगाने, बाबा जी की मंडली को राशि निर्धारित करने पर सहमति से प्रस्ताव पारित किए गए। एसडीएम अक्षय सूद ने पुष्टि करते हुए बताया कि अन्य मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। बैठक में उपस्थित न्यासियों में अमी चंद शर्मा, प्रेम सिंह ढटवालिया, योग राज कालिया, कमल पठानिया, नरेश लखनपाल, प्रशोत्तम चंद, हरनाम सिंह, केशव दत्त मेहर सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
