मंदिर कारिंदों को ट्रेंड करेगी पुलिस

रामपुर बुशहर। पुलिस मंदिरों के कारिंदों को सुरक्षा मामले में ट्रेंड करेगी। प्रथम चरण में पुलिस ने इलाके के सभी मंदिरों से सुरक्षा इंतजामों का डाटा एकत्र करना शुरू कर दिया है। उसके बाद कारिंदों को सुरक्षा इंतजामों को लेकर जरूरी टिप्स दिए जाएंगे। कुछ दिन पहले देवता बौंद्रा के मंदिर में चोरी हुई थी। चोर मंदिर से बेशकीमती मूर्तियां तो ले ही गए, साथ ही उन्होंने चौकीदार को भी मौत के घाट उतार दिया। इस बड़ी वारदात ने सुरक्षा तंत्र को हिलाकर रख दिया। इस तरह की वारदात फिर किसी मंदिर में न हो, इसलिए पुलिस कारिंदों को ट्रेंड करेगी। यानी मंदिर में क्या-क्या इंतजाम होने चाहिए, इसके बारे में कारिंदों को जागरूक किया जाएगा। अधिकांश मंदिरों में सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए हैं। कई मंदिरों में सुरक्षा के इंतजाम पर सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगाए गए हैं, जबकि कैमरे लगाना आवश्यक हैं। एसडीपीओ सुनील नेगी ने बताया कि पुलिस कारिंदों को सीसीटीवी कैमरे लगवाने समेत मंदिर में सुरक्षा के क्या इंतजाम किए जाने चाहिए, इसके बारे में विस्तार से बताएगी। पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के आधार पर ऐसा किया जा रहा है। प्रथम चरण में पुलिस सभी मंदिरों से सुरक्षा इंतजामों का डाटा ले रही है। डाटा एकत्र करने के बाद ही पता चलेगा कि कहां क्या इंतजाम जरूरी हैं। उन्होंने लोगों से संदिग्ध लोगों पर पैनी निगाह रखने को कहा है और ऐसे लोगों की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है। इसके अलावा काम के सिलसिले में आए प्रवासियों पर नजर रखने को कहा है। उन्होंने प्रवासियों का पुलिस थाना तथा चौकियों में पंजीकरण कराने की भी लोगों से अपील की है।

Related posts