मंदिर अधिकारी की वित्तीय शक्तियां छीनीं

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। शक्तिपीठ ज्वालाजी मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी की तफ्तीश सहायक आयुक्त मंदिर एवं एसडीएम देहरा विनय कुमार ने पूरी करके रिपोर्ट जिलाधीश कांगड़ा को भेजी है। जांच रिपोर्ट में ज्वालाजी मंदिर अधिकारी पर गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। मंदिर आयुक्त एवं जिलाधीश कांगड़ा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्वालाजी मंदिर अधिकारी की वित्तीय शक्तियां छीनने के आदेश जारी कर दिए हैं। अब संबंधित मंदिर अधिकारी किसी प्रकार का सरकारी लेनदेन तथा अन्य कामकाज नहीं कर पाएगा। सूत्र बताते हैं कि इसके बाद मंदिर अधिकारी पर सस्पेंड होने की तलवार भी लटक गई है। जबकि, मंदिर अधिकारी एवं तहसीलदार इसी माह के अंत में रिटायर्ड होने वाले हैं। एसडीएम देहरा ने अपनी जांच रिपोर्ट में मंदिर के गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की सीडी बनाकर जिलाधीश कांगड़ा को भेजी थी। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि मंदिर अधिकारी की गणना कक्ष में गतिविधियां संदिग्ध थीं। सीडी देखने के बाद जिलाधीश कांगड़ा ने ज्वालाजी मंदिर अधिकारी की सभी वित्तीय शक्तियां छीन लीं। बताया जा रहा है कि इस मामले को पहले दबाने की कोशिश हो रही थी। यही नहीं इससे पहले भी कई बार ज्वालाजी में चर्चा रहती थी कि गणना कक्ष के एक तरफ के कुछ कैमरे बंद हो जाते थे। कुल मिलाकर शक्तिपीठ ज्वालाजी मंदिर में इस तरह का मामला उजागर होने से भक्तों को काफी ठेस पहुंची है। इस बारे में मंदिर आयुक्त एवं जिलाधीश कांगड़ा सी. पालरासु ने पुष्टि करते हुए बताया कि ज्वालाजी मंदिर अधिकारी की वित्तीय शक्तियां छीन ली हैं और आगामी कार्रवाई जारी है।

Related posts