मंदिरों की सुरक्षा को मास्टर प्लान

शिमला। देवभूमि के मंदिरों की पुख्ता सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग मंदिर कमेटियों से साथ मिलकर मास्टर प्लान बनाएगा। मास्टर प्लान में ऐसे सुरक्षा चक्र होंगे जिन्हें आसानी से पार करना मुश्किल होगा। अभी मंदिरों में सुरक्षा के क्या इंतजाम हैं, इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने सभी एसपी, डीएसपी और एसएचओ से रिपोर्ट मांगी है। एडीजीपी लॉ एंड आर्डर संजय कुमार का कहना है फिलहाल एसपी के माध्यम से सभी मंदिर कमेटियों को मंदिरों में उपलब्ध कीमती सामान जैसे मूर्तियों की फोटोग्राफी और मंदिर में उपलब्ध धन की डिटेल तैयार करने के निर्देश जारी हुए हैं। रिपोर्ट आने के बाद सिक्योरिटी प्लान का अंतिम खाका तैयार होगा। साथ ही मंदिर में चढ़ावे के रूप में एकत्र धन की भी जानकारी भी मांगी है, ताकि अकूत संपत्ति वाले मंदिरों का सुरक्षा घेरा उसी तरह तैयार हो सके। पुलिस विभाग का कहना है कि उनके पास प्रमुख मंदिरों की संपत्ति को लेकर जानकारी है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर उसे बताया नहीं जा सकता है।
हथियारबंद और ट्रेंड होंगे सुरक्षाकर्मी
शिमला। पुलिस का मानना है कि मंदिरों की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी प्रशिक्षित होने चाहिए। इसके साथ उनके पास हथियार भी होने जरूरी हैं, ताकि वे समय पड़ने पर खुद की सुरक्षा करने के साथ साथ लूट की वारदातों को रोकने में सफल हो सकें। एडीजीपी संजय कुमार ने बताया कि इसके लिए मंदिरों को हथियार भी उपलब्ध करवाने के साथ उनके सुरक्षाकर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। जवाबदेह अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आने वाले मंदिरों का समय-समय पर दौरा कर सुरक्षा का जायजा लेंगे।

Related posts