
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ राजमार्ग पर अंदेरगढ़ी में बृहस्पतिवार शाम मंदाकिनी नदी में गिरे वाहन में सवार एक अन्य महिला और बच्चे की पहचान प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर की गई है। लापता महिला डांग ग्यारह गांव हिदंाव (जिला टिहरी) के जितेंद्र डंगवाल की पत्नी नीता डंगवाल (37) और सबसे छोटे पुत्र आयुष (10) बताए गए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलने पर महिला के ससुर गौतम प्रसाद डंगवाल अगस्त्यमुनि पहुंचे। वह दुर्घटना की एफआईआर लिखवाने की तैयारी कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार शाम गबनीगांव से सौड़ी की ओर लौट रही बुलेरो कैंपर अंदेरगढ़ी में अनियंत्रित होकर मंदाकिनी नदी में समा गई थी। वाहन में वाहन चालक समेत चार लोग सवार थे और वह नदी के तेज बहाव में बह गए। बृहस्पतिवार तक वाहन चालक ताजबर सिंह और सविता राणा के बारे में ही जानकारी मिल पाई थी। शुक्रवार को दो अन्य की स्थिति भी स्पष्ट हो गई। चौकी प्रभारी अगस्त्यमुनि एसआई सत्यव्रत ने बताया कि हादसे में लापता नीता डंगवाल अपने बच्चों की पढ़ाई की वजह से अगस्त्यमुनि में रह रही थी। उसके तीनों बच्चे केवि में पढ़ते हैं। वहीं सविता राणा देहरादून रहती थी और अपने मां का हालचाल पूछने अगस्त्यमुनि आई थी। बृहस्पतिवार सुबह नीता सविता और आयुष के साथ अपने मायके परकंडी गई थी। शाम को लौटते समय उन्होंने गबनीगांव में वाहन चालक से लिफ्ट मांगी थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। सविता का पति दुबई रहता है।
