
गोपेश्वर। आउटसोर्सिंग कर्मियों ने प्रभारी मंत्री का घेराव कर शीघ्र पुन: नियुक्ति की मांग की है। उन्होंने बताया कि वे पिछले 25 दिन से कलक्ट्रेट में धरना दे रहे हैं, लेकिन कोई सुध नहीं ले रहा है।
मुख्यालय पर धरना दे रहे आउटसोर्सिंग कर्मियों ने मंत्री का घेराव कर रमसा और सर्व शिक्षा अभियान के तहत पुन: नियुक्ति की मांग की। कहा कि चालू शिक्षा सत्र के शुरुआत में रमसा और सर्व शिक्षा अभियान के तहत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में आउटसोर्सिंग के तहत नियुक्तियां की गई। जनपद के 135 प्रशिक्षित बेरोजगारों ने इसके लिए आवेदन किया। दो माह तक नियुक्ति दिए जाने के पश्चात उन्हें बजट की कमी का हवाला देते हुए बाहर कर दिया गया, जिससे वे भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं।
कहा गया कि यदि शीघ्र पुन: नियुक्ति नहीं दी गई, तो वे आत्मदाह और आमरण अनशन जैसे कदम उठाएंगे। इस पर मंत्री ने कर्मियों को सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। घेराव करने वालों में अध्यक्ष जगत सिंह राणा, भगवती प्रसाद सती, प्रकाश पुरोहित, प्रेम प्रकाश, देवी लाल, आशुतोष शाह, संजय मनराल, नीलू नेगी, पुष्कर नेगी, पुष्कर आगरी, आशीष मलेठा, सरिता, मनोरमा, ममता, रेखा, किरन, मधुलता, प्रतिभा, विशाल बिष्ट आदि शामिल थे।
