मंत्री को अंधेरे में रखकर दफ्तर शिफ्टिंग की तैयारी

घनसाली (टिहरी)। जल निगम घनसाली स्थित कार्यालय को गुपचुप जिला मुख्यालय पर शिफ्ट करने की योजना बना रहा है। सब कुछ इतने गोपनीय तरीके से चल रहा है कि पेयजल मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी भी इससे अनजान हैं। यह स्थिति तब है जब घनसाली खुद नैथानी का गृह क्षेत्र है। लोगाें ने कार्यालय शिफ्ट करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बताया गया कि निगम के एमडी के निर्देश पर मुख्य अभियंता सुनील कुमार ने 14 जून को जारी पत्र में घनसाली जल निगम कार्यालय को समाप्त कर जिला मुख्यालय में शिफ्ट करने के आदेश जारी किए हैं। जबकि इस सबसे बड़े ब्लॉक में निगम कई योजनाएं बना रहा है और कई प्रस्तावित हैं। प्रधान ब्रहमानंद नवानी, नरेंद्र डंगवाल, ध्यान सिंह पंवार, हीरामणि जोशी, दुर्गा सुरीरा, बिजेंद्र सिंह, भगत सिंह, रामलाल,जबर सिंह, विजय सिंह और पदम सिंह कुमाईं आदि ने कहा कि कार्यालय शिफ्ट किया गया तो इसका विरोध किया जाएगा।

मुख्यालय से अभी प्रतापनगर और जाखणीधार क्षेत्र की कुछ योजनाएं और स्टाफ शिफ्ट करने के आदेश मिले हैं। लेकिन अभी शिफ्टिंग की कार्रवाई शुरू नहीं हुई है।
-अनुपम रतन, ईई जल निगम घनसाली।

जल निगम कार्यालय घनसाली से जिला मुख्यालय शिफ्ट करने का मामला मेरे संज्ञान में नही है। निगम कार्यालय कहीं भी शिफ्ट नही किया जाएगा। इस बावत अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। बिना मेरी जानकारी के कार्यालय शिफ्ट करने के संबंध में अधिकारियों से जबाव मांगा जाएंगा।
– मंत्री प्रसाद नैथानी, पेयजल मंत्री उत्तराखंड।

Related posts