
उत्तरकाशी/बड़कोट। पेयजल और शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी के संयोजन में श्री विश्वनाथ जगदीशिला यात्रा मंगलवार को उत्तरकाशी पहुंची। यात्रा के स्वागत में कांग्रेस कार्यकर्ता और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी ज्यादा नजर आए। मंत्री भी लगे हाथ संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते चले।
सोमवार की देर रात श्री विश्वनाथ जगदीशिला यात्रा बड़कोट पहुंची। यात्रा ने चंद्रेश्वर महादेव मंदिर में रात्रि विश्राम किया। रात दस बजे काबीना मंत्री ने नगर पंचायत सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान स्वयं एसडीएम परमानंद राम ने क्षेत्र में पेयजल समस्या उठाई। जल संस्थान के ईई ने ग्रामीणों पर पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त करने का आरोप मढ़ा। इस पर काबीना मंत्री ने दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को कहा। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष अतोल रावत, संजय डोभाल, मंगल राणा आदि मौजूद थे।
भोजन परोसने में लगे रहे अधिकारी
उत्तरकाशी। मंगलवार की दोपहर श्री विश्वनाथ जगदीशिला यात्रा जिला मुख्यालय पहुंची। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के भोजन और विश्राम की व्यवस्था हनुमान मंदिर में की गई थी। जहां शिक्षा विभाग के अधिकारी – कर्मचारी यात्रा के स्वागत एवं श्रद्धालुओं को भोजन परोसने में लगे रहे।
कोट-
इस धार्मिक यात्रा पर सरकारी धन खर्च नहीं हो रहा है। यात्रा के दौरान विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण और समस्याएं सुनने के साथ ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं। कई जगह पेयजल समस्या की जानकारी मिली है। इसका समाधान कराया जा रहा है। – मंत्री प्रसाद नैथानी, शिक्षा एवं पेयजल मंत्री
