
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल का बहुप्रतिक्षित फेरबदल कल किया जायेगा। फेरबदल से पहले सीपी जोशी और अजय माकन ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। दोनों ही मंत्रियेां ने कल रात अपना इस्तीफा सौंपा। राष्ट्रपति भवन से जारी बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने आज तत्काल प्रभाव से इन मंत्रियों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया।
राष्ट्रपति भवन के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह फेरबदल कल शाम होगा। जोशी के नजदीकी सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि भूतल परिवहन एवं राजमार्ग और रेलवे दोनों मंत्रालय संभाल रहे जोशी ने कांग्रेस आला कमान के ‘निर्देश’ पर इस्तीफा दिया है। जोशी ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘पार्टी मुझे जो भी नयी भूमिका सौंपेगी मैं उसे अपनी पूरी क्षमता से निभाउंगा ।’’
उधर आवास और शहीर गरीबी उन्मूलन मंत्री रहे माकन ने पार्टी के लिये काम करने की इच्छा जताई थी। उनका इस्तीफा ऐसे समय पर हो रहा है जब दिल्ली में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसा माना जा रहा है कि मंत्रिपरिषद में यह फेरबदल संप्रग दो का अंतिम फेरबदल होगा क्योंकि एक साल बाद लोकसभा चुनाव होने हैं। पिछले साल अक्तूबर महीने से यह दूसरी बार है जब मंत्रिपरिषद में बदलाव किया जा रहा है ।
ऐसी उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इस अवसर का उपयोग अपने मंत्रिमंडल के रिक्त पड़े पदों को भरने के लिये करेंगे।
