
सुंदरनगर (मंडी)। मंडी संसदीय उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार ने भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर के पक्ष में सुंदरनगर के डोडवां में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार के शासनकाल में जनता महंगाई, भ्रष्टाचार और घोटालों से त्रस्त है। 2014 में कांग्रेस मुक्त भारत अभियान का मंडी संसदीय सीट पर भाजपा की जीत के साथ आगाज होगा। प्रदेश में वीरभद्र सरकार को सत्ता संभाले छह माह का समय हो गया है। इस दौरान प्रदेश में एक भी विकास का नया काम आरंभ नहीं हुआ। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही जनता को पूर्व सरकार के समय आरंभ उपदान पर राशन को बंद कर दिया। अटल वर्दी योजना, अटल आवास योजना को बंद कर दिया। जेबीटी अध्यापक, पटवारियों और पुलिस की भरती रद्द कर दी। कर्मचारियों और पेंशनरों को जनवरी से देय आठ फीसदी डीए की किस्त अब तक जारी नहीं हुई। जबकि जुलाई में दूसरी किस्त देय है। कर्मचारियों को पूर्व सरकार के समय दिए गए 4-9-14 का लाभ सरकार ने वापस ले लिया। जिस कारण इस वर्ग को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश जम्बाल, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, विधायक सरवीण चौधरी और प्रवीण शर्मा भी उपस्थित रहे।
