
पधर (मंडी)। जिला कांग्रेस ने 2014 में होने वाले आम लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर ने प्रचार अभियान की शुरुआत द्रंग विधानसभा क्षेत्र की चौहारघाटी से शुरू की है। उन्होंने ग्राम पंचायत बरोट, लपास और वरधाण का दौरा कर कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रचार-प्रसार के टिप्स दिए।
पधर में प्रेसवार्ता के दौरान पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में मंडी संसदीय क्षेत्र से वर्तमान सांसद प्रतिभा सिंह को फिर से चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। इसके लिए जिला कांग्रेस ने पहले ही रूपरेखा तैयार कर पार्टी हाईकमान को सौंप दी है। चौहारघाटी में वन्य प्राणी क्षेत्र होने के कारण सड़कों के कई कार्य अधर में लटके हुए थे। कांग्रेस ने सत्ता में आते ही सुप्रीम कोर्ट की इजाजत के बाद घाटी को वन्य प्राणी क्षेत्र से बाहर निकालने की कवायद शुरू कर दी है। जिसमें कुछेक औपचारिकताएं पूरी करनी शेष हैं और चौहारघाटी के विकास को गति दी जाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यूपीए सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के साथ प्रदेश सरकार के आठ माह के कार्यकाल का गांव-गांव में प्रचार करें। यूपीए सरकार ने खाद्य सुरक्षा बिल लागू करके देश की सत्तर प्रतिशत आबादी को भरपेट भोजन का अधिकार दिया है। इस मौके पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला महासचिव भादर सिंह मुगलाना, धमच्याण पंचायत कांग्रेस कमेटी प्रधान रोशन लाल ठाकुर और ग्राम पंचायत सेगली के प्रधान हरि सिंह मौजूद रहे।
