मंडी में स्क्रब टायफस का कहर जारी

मंडी। जिले में जानलेवा स्क्रब टायफस का कहर थमा नहीं है। जोनल अस्पताल मंडी में तेज बुखार से ग्रसित मरीजाें में स्क्रब टायफस के पॉजीटिव मामले सामने आ रहे हैं। करीब तीन माह का समय गुजर गया है, लेकिन स्क्रब टायफस का कहर जारी है। बात सितंबर माह की करें तो स्क्रब टायफस से ग्रसित मरीजाें का आंकड़ा इस माह के 21 दिन में ही दो दर्जन को पार कर गया है।
क्षेत्रीय अस्पताल मंडी से संभावित तौर पर लैब टेस्टिंग के लिए भेजे गए तीन मामलों में से एक मामला पॉजीटिव पाया गया है। बुधवार को आई रिपोर्ट में एक व्यक्ति में स्क्रब टायफस के लक्षण पाए गए हैं, जबकि सोमवार को लैब टेस्टिंग को भेजे गए आधा दर्जन मामलों में से 5 मामले पॉजीटिव पाए गए थे। सोमवार को छुट्टी से वापसी के बाद माइक्रो बायोलाजिस्ट के आने पर स्क्रब टायफस के मामले लैब टेस्टिंग को भेजे गए। इन दो दिनों में ही आधा दर्जन स्क्रब टायफस के मामले रिपोर्ट में पॉजीटिव आ चुके हैं। मंडी जिले में अब तक स्क्रब टायफस के पॉजीटिव मामलों का आंकड़ा 200 के पार हो चुका है, लेकिन चिंताजनक पहलू यह है कि इस जानलेवा रोग का ग्राफ अभी भी कम नहीं हो रहा है। हालांकि पूर्व में हुई पांच मौतों के बाद मंडी जिले में स्क्रब टायफस से अन्य किसी की भी जान नहीं गई है, मगर लोगाें में भय की स्थिति अभी भी बनी हुई है। मरीजाें का क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में उपचार चल रहा है।
इधर, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल मंडी सीआर वर्मा का कहना है कि स्क्रब टायफस की रोकथाम के लिए विभाग प्रयास कर रहा है। मामले अस्पताल में अभी भी आ रहे हैं। मरीजों का क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Related posts

Leave a Comment