मंडी में सड़कों पर उतरे एसएसबी गुरिल्ला

मंडी। एसएसबी प्रशिक्षित बेरोजगार गुरिल्ला संगठन के वालंटियरों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को मंडी में प्रदर्शन कर नेशनल हाईवे पर चक्का जाम किया। संगठन ने जल्द ही मांगों का समाधान न होने पर सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि बार-बार आश्वासन देकर एसएसबी गुरिल्लाओं की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सोमवार को एसएसबी प्रशिक्षित बेरोजगार गुरिल्ला संगठन के राज्य प्रधान एमआर भारद्वाज की अगुवाई में जिला भर से आए वालंटियर भ्यूली में एकत्रित हुए, जहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर भ्यूली चौक पर प्रदर्शन कर चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर चक्का जाम किया। इस दौरान एसएसबी गुरिल्लाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चक्का जाम करने पर पुलिस व प्रशासन की ओर से अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सदर शुभकरण सिंह ने चक्का जाम कर रहे वालंटियरों से शांत किया। करीब 20-25 तक एनएच पर बैठने के बाद एसएसबी गुरिल्लाओं ने चक्का जाम खोल दिया।
इस अवसर पर राज्य प्रधान एमआर भारद्वाज ने कहा कि वे केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे से कई बार मांगों को लेकर मिल चुके हैं, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि प्रदेश सरकार की ओर से एसएसबी प्रशिक्षित बेरोजगार गुरिल्लाओं के हित में पारित किए गए प्रस्ताव को मंजूरी व स्थायी नियुक्ति दी जाए। उन्होंने कहा कि जो गुरिल्ला 45 वर्ष की आयु से नीचे हैं, उन्हें सस्त्र बल, अर्ध सैनिक बल व एसएसबी विभाग में स्थायी नियुक्ति दी जाए। 45 वर्ष से अधिक आयु के गुरिल्लाओं को भरती में मणिपुर की भांति छूट दी जाए। उन्होंने कहा कि एसएसबी गुरिल्लाओं की 27 मई को किन्नौर में राज्य स्तरीय बैठक में जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन होगा। इस मौके पर प्रदेश महासचिव प्यारे लाल, सुरेंद्र कुमार, फकीर चंद, राजकुमार, तरसेम, पवन, राम सिंह, चिंत राम व शीला आदि सैकड़ों वालंटियर मौजूद थे।

Related posts