
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल की खुडला पंचायत में मोबाइल से ठगी का मामला सामने आया है। छितरू राम पुत्र कोथड राम वीपीओ खुडला ने मोबाइल ठगी की पुलिस चौकी हटली में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत पर धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छितरू राम के मोबाइल पर एक अन्य नंबर से कॉल आई। जिसमें बताया कि उसके लक्की मोबाइल नंबर पर 25,00000 लाख की लॉटरी लगी है। लेकिन इसके लिए पहले उसे बैंक अकाउंट नंबर 32934141692 पर 21,300 रुपये की राशि जमा करवानी होगी। पुलिस के मुताबिक छितरू राम इस झांसे में आ गया तथा उसने 21,300 रुपये की राशि बताए गए अकाउंट नंबर पर जमा करवा दी। लेकिन उसके खाते में पैसा नहीं आया। इसके पश्चात मोबाइल नंबर 7882878262 से फिर काॅल आई कि उसे 50,000 रुपये उसी खाते में और जमा करवाने होंगे। लेकिन ठगी का अंदेशा होने पर छितरू राम ने इस मामले की सीधी हटली पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवा दी। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि शिकायत पर भादसं की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
