मंडी में ‘नेताजी’ का अवैध निर्माण ध्वस्त

हल्द्वानी। नवीन मंडी परिसर में हाईटैक शौचालय निर्माण के साथ बन रहे ‘नेताजी’ के अवैध निर्माण को बुधवार को मंडी प्रशासन ने जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। अवैध निर्माण गिराते समय बिजली की लाइन टूटने से भगदड़ मच गई। इधर, यह अवैध निर्माण कौन करा था, इस बारे में अधिकारी कुछ भी कहने से कतराते रहे। केवल इतना कह रहे हैं कि अवैध निर्माण कराने वाले ‘नेताजी’ का पता लगा रहे हैं।
नवीन मंडी परिसर में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के पास 18 लाख की लागत से हाईटैक शौचालय का निर्माण चल रहा है। मंडी के मुख्य मार्ग किनारे बन रहे इस हाईटैक शौचालय निर्माण के साथ ही बेशकीमती जमीन पर कमरे का निर्माण भी करा दिया गया। बताते हैं कि शौचालय निर्माण की आड़ में इस अवैध कमरे का निर्माण प्रभावशाली नेताजी द्वारा ही कराया गया है। अवैध निर्माण के बारे में मंडी के उपनिदेशक (निर्माण) रामानुज गुप्ता ने कहा हाईटैक शौचालय का निर्माण जेई विनोद कुमार की देखरेख में चल रहा था। बीते सप्ताह में कई छुट्टियां पड़ने का लाभ उठाकर यह अवैध निर्माण किसी ने कराया है। लेकिन वह व्यक्ति कौन है मालूम नहीं, पता लगा रहे हैं। बुधवार को इस मामले की शिकायत मंडी निदेशक के पास पहुंचने पर उन्होंने उपनिदेशक (निर्माण) रामानुज गुप्ता से जानकारी ली तथा अवैध निर्माण को तत्काल ध्वस्त करने के आदेश दिए। इस पर मंडी के अफसर शाम को जेसीबी लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचे। उपनिदेशक (निर्माण) श्री गुप्ता, मंडी सचिव विनोद कुमार लोहुमी, जेई विनोद कुमार ने जेसीबी से अवैध कमरे के निर्माण को ध्वस्त करवा दिया। इस दौरान जेसीबी से विद्युत लाइन टूटने से मौके पर लगी भीड़ में भगदड़ मच गई तथा स्पार्किंग होने पर चालक जेसीबी से कूद गया। इधर, अवैध निर्माण के बारे में मंडी सचिव विनोद कुमार लोहुमी का कहना था कि वह तो यही समझ रहे थे कि यह निर्माण हाईटैक शौचालय का हो रहा है। अवैध निर्माण कैसे हुआ, इस बारे में निर्माण शाखा ही जानें।

Related posts