
मंडी। जिला क्रिकेट संघ की बैठक में एचपीसीए के सचिव विशाल मरवाह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विशाल मरवाह ने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए प्रदेश क्रिकेट संघ की ओर से मंडी में क्रिकेट डे अकादमी शुरू की जाएगी। कोच सहित सभी सुविधाएं एचपीसीए उपलब्ध करवाएगा। अकादमी में बीपीएल तथा आईआरडीपी के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मुफ्त में प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा अन्य खिलाड़ियों से नाममात्र का शुल्क लिया जाएगा। अकादमी सीधे तौर पर एचपीसीए के नियंत्रण में होगी।
उन्होंने कहा कि मंडी में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए एचपीसीए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मंडी के एतिहासिक पड्डल मैदान को बेहतर बनाने के लिए खेल विभाग के साथ मिलकर एचपीसीए इसके रखरखाव की जिम्मेवारी लेने के लिए तैयार है। इससे इस मैदान पर न केवल क्रिकेट बल्कि अन्य खेल प्रतियोगिताएं करवाने की सुविधाएं भी मिल सके। इस बारे में एचपीसीए खेल विभाग को प्रस्ताव देगी। यदि खेल विभाग प्रस्ताव मंजूर करता है तो इस मैदान के रखरखाव का खर्चा एचपीसीए उठाएगी। उन्होंने कहा कि पड्डल ग्राउंड में नेट प्रैक्टिस के लिए अन्य सुविधाओं सहित सीमेंट की विकेट भी बनाई जाएगी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजय राणा ने मंडी से संबंध रखने वाले शक्ति सिंह को सीनियर सिलेक्शन कमेटी का अध्यक्ष बनाने पर एचपीसीए का आभार जताते हुए कहा कि मंडी में स्टेडियम बनाने के लिए कंसा चौक की प्रस्तावित जमीन पर लगाई गई आपत्तियों को दूर करने का प्रदेश सरकार से अनुरोध किया जाएगा। संघ का प्रयास रहेगा कि मंडी में स्टेडियम के लिए जमीन का चयन किया जा सके।
बैठक में क्रिकेट अकादमी चलाने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। इसमें प्रेस सचिव सुरेंद्र ठाकुर, हरीश शर्मा तथा विद्या सागर को शामिल किया गया है। इस मौके पर अनिल शर्मा, रवि कांत, चेतन ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर मौजूद रहे।
