
गोहर (मंडी)। मार्केट कमेटी बोर्ड मंडी, जिला मुख्यालय में कोल्ड स्टोर खोलेगी। कोल्ड स्टोर के लिए करोड़ों रुपये की प्रपोजल कृषि उपज मंडी समिति ने सरकार को भेज दी है। केंद्र सरकार से इसकी मंजूरी मिलते ही मंडी जिला मुख्यालय में कोल्ड स्टोर का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
समिति ने कोल्ड स्टोर के लिए जमीन की तलाश भी शुरू कर दी है। कोल्ड स्टोर के अतिरिक्त चार बेयर हाउस बनेंगे। इन्हें सुंदरनगर, नाचन, बल्ह और द्रंग में खोले जाने की योजना है। समिति के जिला अध्यक्ष हरेंद्र सेन ने इसकी पुष्टि की है। हरेंद्र सेन ने बताया कि कि कोल्ड स्टोर और बेयर हाउस के निर्माण से जिले के किसानों और बागवानों की सब्जियां तथा फल खराब होने से बचेंगे। इससे हजारों बागवानों और किसानों को लाभ होगा।
हरेंद्र सेन ने बताया कि सरकार से मांग की जाएगी कि आपदा की घड़ी में किसानों को उनके उत्पाद का 50 प्रतिशत दाम मुआवजे के रूप में दिया जाए। इससे खेतीबाड़ी के प्रति किसानों का रुझान बढ़ेगा। समिति अध्यक्ष ने किसानों से सिफारिश की है कि सब्जियों और फलों की खुली बोली अपने सामने करवाएं। आढ़तियों से पक्का बिल प्राप्त करें। अध्यक्ष का यह भी कहना है कि अगर किसानों से धोखाधड़ी होती है है तो वे तुरंत समिति सचिव से संपर्क करें।
समिति सचिव नेत्र सिंह नायक ने बताया कि मंडी जिले में रेट लिस्ट का जो अभियान चलाया था। वह कारगर साबित हुआ है। समिति ने जिला प्रशासन से यह भी मांग उठाई है कि सब्जियों और फलों का समर्थन मूल्य पहले ही तय किया जाए।
केबल टीवी पर प्रदर्शित होंगे सब्जियों के दाम
समिति मंडी जिला में जल्द लोकल केबल चैनलों पर सब्जियों और फलों के रोजाना के दामों का प्रसारण भी करेगी। इससे उपभोक्ताओं और विक्रेताओं में पारदर्शिता बनी रहेगी।
