मंडी बस अड्डे की होगी जांच : अनिल

मंडी। ग्रामीण विकास, पंचायतीराज एवं पशुपालन मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि मंडी बस अड्डे के दूसरे चरण में लोगों की सुविधा के लिए शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। मंडी से पहली वोल्वो बस सेवा का शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में बने मंडी बस अड्डे के निर्माण में गड़बड़ियां हुई हैं। जिनकी जांच करवाई जाएगी। मनाली से चलने वाली वोल्वो बसें मंडी बस अड्डे में प्रवेश ही नहीं कर पाती हैं। बुधवार को जो वोल्वो बस मंडी से रवाना की गई, वह भी किनारे से ही रवाना करनी पड़ी। इसके अलावा करोड़ों रुपये डंगों पर ही खर्च कर दिए गए हैं। जिससे मंडी-दुदर सड़क भी टूट गई है। पूर्व परिवहन मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर बताएं कि बस अड्डे की दूसरी मंजिल पर बड़े-बडे़ हॉल बनाने का क्या औचित्य था। मंडी बस अड्डे का प्रारूप पूर्व परिवहन मंत्री की मनमानी के चलते कई बार बदला गया। यात्रियों के शौचालय की भी व्यवस्था नहीं की गई और चुनाव से पूर्व आधे अधूरे बस अड्डे का उद्घाटन कर दिया। मंडी जिले से परिवहन मंत्री रहते हुए भी महेंद्र सिंह मंडी से एक वोल्वो बस नहीं चला पाए। उल्टा मंडी-दिल्ली बस को कोटली से शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि मंडी बस अड्डे के दूसरे चरण में लोगों की सुविधा के लिए शौचालयों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

Related posts