
पधर (मंडी)। बुधवार तड़के हुई भारी बारिश से नेशनल हाईवे मंडी-पठानकोट खानी नाला गुम्मा, उरला और हराबाग के पास फिर बंद हो गया। मंडी पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर गुम्मा खानी में मलबा और पत्थर सड़क पर आ जाने से तड़के पांच बजे हाईवे बंद हो गया। जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग की ओर से मशक्कत के बाद जेसीबी लगाकर आठ घंटे के बाद दोपहर को हाईवे बहाल करवाया। बारिश के कारण पधर उपमंडल के आधा दर्जन मार्ग फिर से प्रभावित हुए हैं। इधर, लोक निर्माण विभाग एनएच उपमंडल गुम्मा के सहायक अभियंता कुशल कुमार ठाकुर ने मार्ग बंद होने की पुष्टि करते हुए कहा कि पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा, पत्थर आ जाने से मार्ग आठ घंटे बंद रहा। हाईवे उरला के पास चार घंटे और हराबाग के पास लगभग दो घंटे बंद रहा।
