मंडी ने सुंदरनगर को 40-6 से धोया

मंडी। ऐतिहासिक पड्डल मैदान में दो दिवसीय अंडर-19 मेजर स्कूली छात्रों की खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में 16 टीमों से ढाई सौ खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालक मंडी और एएसएस नेला के बीच फुटबाल का मुकाबला हुआ। मंडी ने नेला को 5-0 से शिकस्त दी। एक अन्य मैच में सुंदरनगर स्कूल ने जोगिंद्रनगर की टीम को 2-0 से पराजित किया।
बास्केटबाल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालक मंडी ने सुंदरनगर को 40-6 के विशाल अंतर से हराया। धर्मपुर, कनैड, बलद्वाड़ा, गोपालपुर, सधोट, पौंटा और सरकाघाट अपने-अपने मैच जीतकर दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। हैंडबाल में चोलथरा तथा बलद्वाड़ा ने अपने-अपने मैच जीत कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। दो दिवसीय मेजर प्रतियोगिता में फुटबाल, हाकी, हैंडबाल तथा बास्केटबाल के मुकाबले होंगे। इस अवसर पर विजय रावमापा बालक मंडी के प्रधानाचार्य परस राम सैणी, एडीपीईओ जसवंत सिंह मौजूद रहे।

Related posts