
मंडी। केंद्रीय छात्र संघ चुनाव को लेकर पिछले कई दिन से कॉलेजों में चल रही गहमागहमी आज मतदान प्रक्रिया के साथ थम जाएगी। कालेजों में नई एससीए का गठन भी हो जाएगा। शनिवार को सीएससीए चुनाव को देखते हुए कालेजों में सभी तैयारियां एवं औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। मतदान प्रक्रिया सुबह ठीक साढ़े नौ बजे शुरू हो जाएगी। मतदान की प्रक्रिया साढ़े चार घंटे अर्थात दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इसके बाद मतों की गणना शुरू होगी। प्रत्याशियाें के हार-जीत का फैसला कुछ घंटों के बाद परिणाम घोषित होने के साथ तय हो जाएगा। शुक्रवार को स्टाफ कौंसिल की बैठक में पोलिंग पार्टियाें को लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों पर चुनाव प्रक्रिया संबंधी निर्देश एवं सुझाव दिए गए। सीएससीए चुनाव के चलते जाली वोटिंग को रोकने के लिए मतदान प्रक्रिया कड़े सुरक्षा पहरे में होगी। कोई भी छात्र तभी कालेज परिसर में प्रवेश ले पाएगा, जब उसके पास कॉलेज का पहचान पत्र होगा। कालेज एंट्री गेट पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे। वोटर छात्राें को कालेज के प्रवेश द्वार पर पहचान पत्र दिखाने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। मतदान के लिए भी पहचान पत्र होना आवश्यक है। किसी वजह से पहचान पत्र न होने पर फीस रसीद के साथ वोट डाला जा सकता है। मंडी जिले में दस कॉलेजों वल्लभ कालेज मंडी, करसोग, एमएलएसएम कालेज सुंदरनगर, संस्कृत कालेज सुंदरनगर, बासा कालेज, लंबाथाच, पधर, सरकाघाट, धर्मपुर एवं जोगिंद्रनगर में करीब 14 हजार वोटर छात्र संसद का चुनाव करेंगे। इधर, मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं प्राचार्य वल्लभ कालेज मंडी एमएस जम्वाल ने बताया कि छात्रों को पहचान पत्र दिखाना आवश्यक होगा। पहचान पत्र न होने पर फीस रसीद दिखाकर वोट डाला जा सकता है
