मंडी के देवेंद्र हांडा को भारत ज्योति अवार्ड

मंडी। हिमाचल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सड़क निर्माण में अपना अहम योगदान देने वाले मंडी के देवेंद्र हांडा को दिल्ली में भारत ज्योति अवार्ड से नवाजा गया है। लोकनिर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता के पद से सेवानिवृत्त मंडी के देवेंद्र हांडा को हिमाचल में सड़क निर्माण और अन्य उपलब्धियों के लिए इंटर नेशनल फ्रेंडशिप सोसायटी की ओर से हाल ही में दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में सम्मानित किया गया। मंडी शहर के साधारण संघर्षशील परिवार से संबंधित हेम सिंह हांडा के पुत्र देवेंद्र नाथ हांडा ने आर्थिक विषमताओं के बावजूद दिल्ली यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर 1960 में लोनिवि में बतौर जूनियर इंजीनियर अपना कैरियर शुरू किया। इनके पिता साइन बोर्ड पेंटिंग और बुक बाइंडिंग कर परिवार का गुजारा चलाते थे। देवेंद्र नाथ हांडा का कहना है कि युवा इंजीनियरों को इस बात को ध्यान में रखना चाहिए कि हिमालय अपने आप में संवेदनशील पहाड़ है। यहां पर सड़कों और जलविद्युत परियोजनाओं का निर्माण पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए करना होगा अन्यथा उत्तराखंड और किन्नौर जैसी त्रासदी झेलनी पड़ सकती है।

Related posts