
मंडी। सीएससीए चुनाव के चलते कालेजों में छात्र राजनीति पूरे जोश पर है। छात्र एससीए चुनाव प्रचार की गतिविधियाें में बढ़चढ़ कर भाग ले रहे हैं, लेकिन सैकड़ों छात्र ऐसे भी हैं जो चुनाव प्रचार की प्रक्रियाओं में भाग तो ले सकते हैं, मगर चुनाव की मुख्य धारा से बाहर हैं। लिंग-दोह कमेटी की सिफारिशों के तहत ऐसे छात्र मतदान नहीं कर सकेंगे। छात्र संसद को चुनने का यह अधिकार सिर्फ उन्हीं छात्रों को है जो लिंग-दोह कमेटी की सिफारिशों को पूरा कर रहे हैं। मंडी जिले के दस कालेजाें में हजारों छात्र मतदाता हैं, जिसमें सैकड़ों छात्र 17 अगस्त को उम्र और अन्य कारणाें से वोट डालने के अयोग्य हैं। ऐसे छात्रों की सबसे ज्यादा संख्या वल्लभ कालेज मंडी, जबकि सबसे कम डिग्री कालेज धर्मपुर में है।
कहां कितने छात्र नहीं डाल पाएंगे वोट
वल्लभ कालेज मंडी में कुल वैध छात्र मतदाताओं की संख्या 4100 है। जबकि 322 छात्र उम्र कम या अधिक होने तथा अन्य कारणों से वोट नहीं डाल सकेंगे। वहीं, एमएलएसएम कालेज सुंदरनगर में वैध वोटरों की संख्या 2566 है। जबकि 172 छात्र मतदान के अपात्र हैं। सरकाघाट कालेज में कुल वैध वोट 2018 हैं। यहां 147 छात्र मतदान नहीं कर सकेंगे। बासा कालेज में कुल वैध वोट 858, जबकि अपात्र वोटरों की संख्या 42 है। धर्मपुर कालेज में वैध वोट 246 जबकि 16 छात्र वोट नहीं डाल सकेंगे। जोगिंद्रनगर कालेज में वैध वोटों की संख्या 1771 है। यहां 106 छात्र वोट डालने के अयोग्य हैं। वहीं, संस्कृत कालेज सुंदरनगर में वैध मत संख्या 285 है। जबकि यहां भी 101 छात्र-छात्राएं वोट डालने के अयोग्य हैं। इसके अलावा लंबाथाच कालेज में 276, करसोग कालेज में 1543 तथा पधर कालेज में 237 वैध छात्र मतदाता हैं।
14 हजार छात्र मतदाता वोट डालेंगे
सीएससी चुनाव को लेकर छात्र संगठनाें ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। मंडी जिले में इस बार 10 डिग्री कालेजों में चुनाव होंगे। आंकड़ाें पर गौर करें तो 17 अगस्त को होने जा रहे सीएससीए चुनाव में जिला भर में करीब 14 हजार छात्र मतदाता वोट डालेंगे तथा छात्र संसद का चुनाव करेंगे।
