मंडी उपचुनाव में रही शांति

मंडी। मंडी जिले में लोकसभा उपचुनाव की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुई। पुलिस एवं प्रशासन के कड़े सुरक्षा प्रबंधों के चलते कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। समस्त 9 विधानसभा क्षेत्रों के 967 पोलिंग बूथों में दिनभर मतदान प्रक्रिया बिना किसी बाधा एवं गतिरोध के चलती रही। मंडी जिले में 22 पोलिंग बूथ अति संवेदनशील घोषित किए गए थे, जबकि 129 पोलिंग बूथ संवेदनशील। कहीं से भी अप्रिय घटना की वजह से मतदान प्रक्रिया में रुकावट नहीं आई। हर मतदान केंद्र के बाहर सुरक्षा कर्मी तैनात रहे। अति संवेदनशील 22 पोलिंग बूथों में सुचारु रूप से मतदान प्रक्रिया के लिए आधा दर्जन सुरक्षा जवान तैनात रहे। जबकि संवेदनशील तथा अन्य सामान्य पोलिंग बूथों पर भी सुरक्षा कर्मियों का पहरा रहा। जिससे सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने तक किसी भी तरह की कोई बाधा उत्पन्न नहीं हुई। प्रशासन की तरफ से निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं सुचारु मतदान प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के लिए अन्य प्रावधान भी किए गए थे। जिसके तहत कई संवेदनशील तथा अति संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों में मतदान प्रक्रिया के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग करवाई गई। कई अति संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों में वेब वोटिंग के माध्यम से निगरानी की गई। उधर, एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के अति संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों बलद्वाड़ा-1, भद्रवाड़, सरकाघाट-3 तथा छात्र की वेब वोटिंग के माध्यम से निगरानी की गई। इधर, आईजीपी लॉ एंड आर्डर मंडी संजय कुंडु ने बताया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। सभी पोलिंग बूथों के बाहर सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में शांतिपूर्वक मतदान हुआ है।

Related posts