मंडी उपचुनाव के बहिष्कार की चेतावनी

होली (चंबा)। होली-बजोली विद्युत परियोजना की सुरंग का मुख गांवों की ओर मोड़ने के मामले में वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने पूर्व की भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं होलीवासियों ने दो टूक कह दिया है कि अगर उनके विवाद का समाधान न हुआ तो मंडी उपचुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। उधर, वीरवार को प्रदर्शनकारी महिलाओं की ओर से घेरे जाने पर वन मंत्री ने कहा कि सरकारी एजेंसी ने तो सुरंग निर्माण रावी नदी के दाएं किनारे पर बनाने को मंजूरी दी थी, मगर भाजपा सरकार ने कंपनी के साथ मिलकर नया सर्वे करवाया और सुरंग को बाएं किनारे बनाने को मंजूरी दे दी। इसमें कांग्रेस सरकार की कोई भूमिका नहीं है। सारी एनओसी भाजपा शासनकाल में दी गई हैं। उन्होंने इस मामले में ग्रामीणों का साथ देने का वादा करते हुए कहा कि पहले इस मामले में कोर्ट के निर्णय का इंतजार किया जाएगा। इसके बाद ही प्रदेश सरकार कोई निर्णय लेगी। जब महिलाओं ने उन्हें कहा कि कोर्ट का निर्णय आने तक काम रोका जाए तो भरमौरी ने आश्वासन दिया कि सुरंग का निर्माण कार्य फैसला होने तक नहीं करवाया जाएगा, लेकिन बाकी का कार्य कंपनी को करने दिया जाए। वहीं प्रदर्शनकारी महिलाओं ने वन मंत्री के समक्ष यह बात कह कर भाजपा और कांग्रेस की दिक्कतें बढ़ा दी हैं कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जाता, न तो कांग्रेस और न ही भाजपा पार्टी मंडी उपचुनाव में होलीवासियों के समर्थन की उम्मीद करे। होली क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 23 हजार के करीब है। उपचुनाव जून माह में होने के चलते निचले क्षेत्रों में पलायन करने वाले होली के निवासी भी यहां मौजूद होंगे। ऐसे में बहिष्कार पर दोनोें दलों को खासा नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Related posts